रुद्रप्रयाग : नगर से लगे देवतोली में संचालित सिंचाई विभाग के उपखंड कार्यालय को नया भवन मिलेगा। यहां विभाग को नए भवन के निर्माण की स्वीकृति मिली है। करीब 95 लाख से सिंचाई विभाग का नया भवन तैयार होगा। पोखरी रोड पर देवतोली में सिंचाई विभाग का उपखंड कार्यालय संचालित है। अस्सी के दशक में स्थापित इस उपखंड कार्यालय की हालात बेहद खराब है। दीवारों में कई जगह दरारे आ गईं हैं। विभाग ने इन दरारों को वैकल्पिक रूप से भरा है। यहां एक कार्यालय के साथ ही दो आवासीय भवन हैं। इस कार्यालय में कर्णप्रयाग और नारायणबगड़ ब्लॉक सहित गौचर नगर क्षेत्र के गांवों की सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा सहित अन्य कार्यों के लिए लोग पहुंचते हैं। ऐसे में विभाग ने यहां नया भवन बनाने की स्वीकृति दी है। विभाग के सहायक अभियंता शुभम डोभाल ने बताया कि यहां विभाग के पास काफी भूमि है। ऐसे में नए भवन का निर्माण अलग से किया जाएगा। जिससे कार्यालय के काम काज के अलावा यहां आने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। (एजेंसी)