टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बने ईशान किशन

Spread the love

कोलंबो, भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 77 रन की जोरदार पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां अर्धशतक रहा। इसके साथ-साथ मौजूदा विश्व कप में उनके बल्ले से निकलने वाली लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी रही। इस बीच वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। आइए उनकी पारी के बारे में जानते हैं।
किशन ने पारी का दूसरा ओवर करने आए शाहीन अफरीदी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए। प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान ने नई गेंद से भी अपने स्पिनरों से गेंदबाजी कराई और किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। बेहतर लय में नजर आ रहे किशन 40 गेंदों में 77 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ मिलकर 87 रन की साझेदारी की।
किशन ने अब तक 39 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसकी 39 ही पारियों में उन्होंने 30.76 की औसत से 1,169 रन बनाए हैं। इस बीच उनकी स्ट्राइक रेट 143.78 की रही है। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 9 अर्धशतक भी निकले हैं। वह एक पारी में बिना खाता खोले भी आउट हुए हैं। उन्होंने 2021 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
किशन अब पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 मैच में तीसरा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। बता दें कि विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ 2022 में नाबाद 82 रन (अहमदाबाद में) और 2012 में नाबाद 78 रन (कोलंबो में) की पारियां खेल चुके हैं। किशन अब पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में 50+ का स्कोर बनाने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज बने। उनसे पहले गौतम गंभीर (2007) ऐसा कर चुके हैं।
किशन पाकिस्तान के विरुद्ध टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। बता दें कि अभिषेक शर्मा ने पिछले साल दुबई में खेले गए मुकाबले में सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। हालांकि, वो मुकाबला एशिया कप में खेला गया था। इस सूची में तीसरे स्थान पर युवराज सिंह हैं। पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज ने 2012 में अहमदाबाद में हुए मैच में 29 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *