नईदिल्ली,इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 संस्करण का आगाज हो गया है। पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशान ने खास उपलब्धि हासिल की है। अपनी पारी का दूसरा रन बनाते ही उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 3,000 रन पूरे कर लिए हैं। आइए उनकी आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
ईशान आईपीएल करियर में 3,000 रन पूरे करने वाले 29वें बल्लेबाज हैं। इस सूची में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (8,661) पहले पायदान पर हैं। ईशान ने सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस समेत तीन फ्रेंचाइजी के लिए 120 मैच खेले हैं। उन्होंने 113 पारियों में 29 से अधिक के औसत और 137 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 3,000 रन का आंकड़ा पार किया है। उनके खाते में एक शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं।
ईशान आईपीएल में गेंदों के लिहाज से छठे सबसे तेज 3,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने 2,180 गेंदों का सामना करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। इस सूची में ऋषभ पंत पहले पायदान पर हैं, जिन्होंने केवल 2,028 गेंदों का सामना करते हुए यह आंकड़ा छुआ था। इस सूची में यूसुफ पठान (2,082) दूसरे, सूर्यकुमार यादव (2,130) तीसरे, सुरेश रैना (2,135) चौथे और महेंद्र सिंह धोनी (2,152) 5वें नंबर पर हैं।
ईशान ने 2016 में गुजरात लायंस से अपना आईपीएल डेब्यू किया था। वह 2 संस्करण गुजरात के लिए खेले और 16 मैचों में 319 रन बनाने में सफल रहे थे। उसके बाद 2018 में उन्होंने मुंबई इंडियंस से डेब्यू किया और 89 मैचों में 29.80 की औसत से 2,325 रन बनाने में सफल रहे। उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ 2 खिताब भी जीते। साल 2025 की नीलामी में ईशान को सनराइजर्स हैदराबाद ने 11.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ा था।
ईशान आईपीएल 2025 में 14 मैचों की 35.40 की औसत और 152.58 की स्ट्राइक रेट से 354 रन बनाने में सफल रहे थे। उस संस्करण में उन्होंने 1 शतक और 1 अर्धशतक जड़ा था। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 106 रन का रहा था।