आईसीसी टी-20 रैंकिंग: ईशान किशन दूसरे स्थान पर पहुंचे, संजू सैमसन को भी हुआ फायदा

Spread the love

नईदिल्ली, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारत के ईशान किशन दूसरी रैंक वाले बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनके अब तक के करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। किशन को 2 पायदान का फायदा हुआ है। उनके अलावा संजू सैमसन को भी बल्लेबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है। इन दोनों ही विकेटकीपर बल्लेबाजों ने हाल ही में संपन्न हुए टी-20 विश्व कप में उम्दा बल्लेबाजी की थी।
किशन अब 871 रेटिंग अंको के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। उनसे आगे शीर्ष पर अभिषेक शर्मा (875) बरकरार हैं। इस संस्करण में किशन ने 9 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट के साथ 317 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 77 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक लगाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ने 18 छक्के और 33 चौके भी लगाए। शीर्ष-10 बल्लेबाजों में तिलक वर्मा 7वें और सूर्यकुमार यादव 9वें स्थान पर हैं।
सैमसन ने 18 पायदान की बड़ी छलांग लगाई है और वह 637 रेटिंग अंको के साथ 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। सैमसन ने फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन बनाए थे। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2026 में 5 मैच की 5 पारियों में 80.25 की उम्दा औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97* रन रहा।
भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को एक पायदान का नुकसान हुआ है। वह 740 रेटिंग अंको के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप के अपने पिछले 5 मैचों में 1-1 विकेट लिए थे। इस बीच वह महंगे भी साबित हुए थे। चक्रवर्ती ने इस टी-20 विश्व कप संस्करण में कुल 14 विकेट लिए थे। अफगानिस्तान के राशिद खान शीर्ष रैंकिंग वाले गेंदबाज बन गए। उनके अब 753 रेटिंग अंक हैं।
टी-20 ऑलराउंडर्स रैंकिंग में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा 328 रेटिंग अंको के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि भारत के हार्दिक पांड्या 299 अंको के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इन दोनों ऑलरॉउंडर्स ने अपने-अपने सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर भी 3 पायदान की छलांग लगाकर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। बता दें कि कीवी टीम टी-20 विश्व कप में उपविजेता रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *