हरिद्वार। केंद्रीय विद्यालय भेल में गुरुवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर इसरो के वैज्ञानिकों की टीम ने छात्रों से संवाद कर अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियों को साझा किया। प्राचार्य बृजेशपाल सिंह ने अतिथियों का स्वागत कर इसरों के वैज्ञानिकों डॉ. हरिशंकर श्रीवास्तव, डॉ. पुनीत स्वरूप, डॉ. आशुतोष भारद्वाज और डॉ.जावेद अकरम को पौधे भेंट किए। उन्होंने छात्रों को संबोधित कर कहा कि आज जो ज्ञान आप प्राप्त करेंगे, वह आपके भविष्य को नई दिशा दे सकता है। वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 की सफलता, अंतरिक्ष विज्ञान के उपयोग, सैटेलाइट्स की कार्यप्रणाली और आपदा प्रबंधन में इसके महत्व को सरल भाषा में समझाया। डॉ. हरिशंकर ने छात्रों को बताया कि अंतरिक्ष विज्ञान केवल ग्रह-नक्षत्रों तक सीमित नहीं, बल्कि यह खेती, मौसम, संचार और आपदा चेतावनी जैसे कई क्षेत्रों में जीवन रक्षक साबित हो रहा है। इस दौरान इसरो की ओर से भाषण प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता कराई गई।