भीषण गर्मी में रूला रहा जाम, सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल

Spread the love

सड़कों पर फैली अव्यवस्थाओं के कारण घंटों बन रही जाम की स्थिति
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भले ही सरकारी सिस्टम शहर में बेहतर यातायात व्यवस्थाओं के दावें कर रहा हो। लेकिन, हकीकत यह है कि भीषण गर्मी में सड़कों पर लग रहा जाम आमजन को रूला रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही अन्य मार्गों पर बेतरतीब खड़े वाहन जाम का मुख्य कारण बन रहे हैं। मंगलवार को देवी रोड पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। पूर्व में क्षेत्रवासी व्यवस्थाओं में सुधार की मांग भी उठा चुके हैं।
गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में यातायात व्यवस्था लगातार बेपटरी होती जा रही है। लाख प्रयासों के बाद भी जिम्मेदार सिस्टम यातायात व्यवस्था सुधारने में नाकाम साबित हो रहा है। शहरवासी घंटों जाम में फंसने को मजबूर हो गए हैं। सबसे बुरी स्थित देवी रोड, नजीबाबाद रोड, बदरीनाथ मार्ग, स्टेशन रोड व मानपुर रोड में बनी हुई है। शहरवासी सत्यप्रकाश सिंह, राजीव कुमार ने बताया कि कई व्यक्ति अपने वाहनों को सड़क किनारे बेतरतीब खड़ा कर बाजार घूमने चले जाते हैं। जिसके कारण जाम की सबसे अधिक परेशानी हो रही है। सड़क पर घूम रहे रेहड़ी-ठेली भी जाम में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। अतिक्रमण हटाने के नाम पर नगर निगम व पुलिस केवल खानापूर्ति ही करती है।

पदैल चलना भी हुआ मुश्किल
शहर में अधिकांश व्यापारियों ने सड़क किनारे नाली के बाहर तक दुकानें सजाई हुई हैं। ऐसे में राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बिगड़ रही स्थिति के कारण हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। पुलिस व निगम भी इन व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की सुध नहीं ले रहा। स्टेशन रोड, गोखले मार्ग, देवी रोड, पटेल मार्ग, बदरीनाथ मार्ग में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। जबकि, लोगों की सबसे अधिक भीड़ इन्हीं मार्गों पर होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *