बच्चों को शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलना अनिवार्य

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सेंट थामस कॉन्वेंट स्कूल के वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने मॉटीवेशनल डांस, ग्रांडपेरेंट्स डांस, इंपेक्ट ऑफ सोशल मीडिया, गढ़वाली नृत्य, ग्रांड फिनाले की प्रस्तुतियां दी। इस दौरान नौनिहालों ने बच्चों में फास्ट फूड की बढ़ती लत से बचाव को लेकर जागरुकता का संदेश दिया। वहीं भोजन की उपयोगिता के महत्व पर जीवंत अभिनय के माध्यम से भोजन की बर्बादी नहीं होने दिए जाने को प्रोत्साहित किया।
स्कूल में वार्षिकोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिजनौर डायसिस के विक्कर जनरल जॉर्ज व विशिष्ट अतिथि सयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी दीक्षिता जोशी ने किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि जॉर्ज ने कहा कि ज्ञान, भक्ति व कर्म मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने वाले को हर सफलता मिलती है। हमें पहले तो उड़ना है, जो उड़ नहीं सकते हैं उन्हें दौड़ना है, जो दौड़ नहीं सकते उन्हें चलना है और जो चल नहीं सकते उन्हें खिसकना है। लेकिन निरंतर चलना है। उन्होंने कहा कि पौड़ी की प्रतिभाएं देश व दुनिया में ऊंचा नाम कर रही है। यहां की सांस्कृतिक प्रतिभाएं अलग व उत्तम हैं। हमेशा सबसे अव्वल रहती हैं। विशिष्ट अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलना अनिवार्य है। उन्हें तुलनात्मक भेदभाव से दूर रखना होगा। यातायात उपनिरीक्षक अमित भट्ट ने यातायात नियमों व एसआई हेमलता सेमवाल ने महिला व साइबर अपराध से बचाव को लेकर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना व स्वागत गीत से हुई। राष्ट्रगान के सामूहिक गान के साथ वार्षिकोत्सव संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शहजाद ए वाहिद, जिला विधिक प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम, स्कूल प्रबंधक जीजो पैलीथिंकल, प्रधानाचार्य सौमिनी, संजय जुयाल, तपेश्वर प्रसाद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *