जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग पर व्यवसायिक वाहनों को रोके जाने पर कांग्रेस ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार को गंभीरता से कार्य करना चाहिए। वहीं, कांग्रेस ने नगर निगम क्षेत्र के वार्डों को रसोई गैस वितरण में भेदभाव का भी आरोप लगाया। कहा कि नए वार्डों को 45 व पुराने वार्डों को 25 दिन में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी तहसील परिसर में पहुंचे। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कहा कि जनता पिछले कई माह से लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग एलिवेटेड बनाने की मांग उठा रही है। इसके लिए वन चौकी के समीप धरना भी दिया जा रहा है। 12 फरवरी को न्यायालय ने मार्ग निर्माण को हरी झंडी दिखाई। लेकिन, इसके बाद भी कुछ दिन पूर्व मार्ग पर व्यवसायिक वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया। जिससे लालढांग व भाबर क्षेत्र की जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि सरकार को मार्ग को एलिवेटेड बनाने व वाहनों के आवागमन को निरंतर रखने के लिए गंभीरता से कार्य करना चाहिए। वहीं, कांग्रेस ने नगर निगम क्षेत्र के चालीस वार्डों में गैस सिलेंडर वितरण में भेदभाव पर भी रोष व्यक्त किया। कहा कि चालीस वार्डों में बाजार क्षेत्र के वार्डों को 25 दिन व अन्य वार्डों को 45 दिन में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। एक नगर निगम क्षेत्र में इस तरह का भेदभाव ठीक नहीं है। इस मौके पर रंजना रावत, रवींद्र सिंह रावत, बलवीर सिंह रावत, दलीप सिंह रावत, प्रदीप नेगी, योगंबर सिंह चौहान, परमानंद, जावेद हुसैन, महावीर सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।