हरिद्वार। बहादराबाद में वर्धमान इंडस्ट्रियल एरिया की सिक्योर सर्जिकल कॉटन कंपनी में बुधवार सुबह आग लग गई। इससे आसपास की कंपनियों में दहशत का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। दूसरी ओर, फायर ब्रिगेड ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बुधवार सुबह बहादराबाद में पतंजलि योगपीठ के पास इस कंपनी से अचानक आग की लपटें और काला धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की तीव्रता के कारण आसपास की कंपनियों तक इसके फैलने का खतरा पैदा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही बहादराबाद फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग काबू न होने पर मायापुर फायर स्टेशन से दो अतिरिक्त फायर यूनिट भी बुलानी पड़ीं। इसके बाद संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के बाद कंपनी के कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। हालांकि, कंपनी में रखा कॉटन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। एसएफओ बीरबल सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। इस मामले की जांच की जा रही है।