पुल मरम्मत में लगेगा समय, कोटद्वार-दिल्ली के यात्री हो रहे परेशान

Spread the love

मेरठ-पौड़ी हाईवे पर बिजनौर-मीरापुर के मध्य गंगा बैराज पुल मरम्मत में लगेगा समय
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर व बिजनौर जनपद की सीमा पर बने गंगा बैराज की मरम्मत में लंबा समय लगना तय है। ऐसे में कोटद्वार से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीस किलोमीटर लंबा घूम कर ही जाना होगा। सबसे अधिक परेशानी कोटद्वार से मेरठ को जाने वाले यात्रियों को हो रही है। पुल की मरम्मत नहीं होने तक यात्रियों को परेशानियों का सामन करना पड़ेगा।
सात अगस्त को मेरठ-पौड़ी हाईवे पर बने बिजनौर-मीरापुर के मध्य गंगा बैराज पुल पर एक्सपेंशन ज्वाइंट के बीच गैप आ गया था, जिसके बाद पुल पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह बंद कर दिया गया। ऐसे में कोटद्वार से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीस किलोमीटर लंबा फेरा लगाना पड़ रहा है। करीब छह से सात घंटे में वाहन बिजनौर, चांदपुर हापुड़, डासना से होते हुए गाजियाबाद व दिल्ली पहुंच रहे हैं। लंबा फेरा होने के बाद परिवहन निगम ने किराए में चालीस रुपये की बढ़ोत्तरी भी कर दी थी। बीते शनिवार को ब्रिज एक्सपर्ट की टीम ने बैराज का मुआयना किया। जांच के बाद टीम ने मरम्मत में करीब 15 से बीस दिन का समय लगने की बात कही। ऐसे में कोटद्वार से दिल्ली सहित अन्य रूट पर सफर करने वाले यात्रियों की समस्या बढ़ सकती है।

मेरठ के यात्रियों की बढ़ी मुश्किल
बैराज में आई खराबी से सबसे अधिक परेशानी मेरठ के यात्रियों को उठानी पड़ रही है। दरअसल, पूर्व में कोटद्वार से जाने वाली बसें बिजनौर से मीरापुर, मवाना व मेरठ पहुंच जाती थी। लेकिन, वर्तमान में पुल में खराबी के कारण यात्रियों को बिजनौर से मेरठ जाने के लिए बस बदलनी पड़ रही हैं। यह बस चांदपुर, नूरपुर, अमरोहा, गजरोला, बृजघाट, गणमुक्तेश्वर, किठोर, हसनपुर होते हुए मेरठ पहुंच रही है। पूर्व में जहां मेरठ पहुंचने के लिए बिजनौर से दो घंटे लगते थे। वहीं, अब तीन से चार घंटे का समय लग रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *