जगदीपक सिंह रावत दूसरी बार बने महानगर अध्यक्ष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल के सम्मेलन में जग दीपक सिंह रावत को दूसरी बार सर्व सम्मति से कोटद्वार महानगर अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। इस दौरान पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
मवाकोट में सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डा. शक्ति शैल कपरवाण ने कहा कि उत्तराखंड कांति दल धरातल पर संगठन को मजबूत कर रहा है। यूकेडी पूर्ण रूप से स्थानीय निकाय, पंचायत और कॉलेज स्तर पर संगठन बनाने पर अपना फोकस कर रहा है। बैठक में पहाड़ी क्षेत्र में बढ़ते पलायन व समस्याओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। सम्मेलन में चुनाव पर्यवेक्षक के रुप में पहुंचे दल के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पर्यवेक्षक शांति भट्ट ने कहा कि अगला चुनाव राष्ट्रीय पार्टी बनाम क्षेत्रीय पार्टी के बीच होगा और जनता क्षेत्रीय पार्टी यूकेडी को विजयी बनायेगी। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तराखंड स्तर पर पार्टी संगठन के निर्माण को प्राथमिकता दे रही है। केंद्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कोटद्वार के सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिसके कारण सामान्य लोगों की दर्जनों फाइलें लंबित पड़ी हुई हैं। उन्होंने जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल से मांग की कि कोटद्वार के सभी सरकारी कार्यालयों में लंबित फाइलों के शीघ्र निस्तारण के लिए आदेश करें। बैठक में दल के संस्थापक सदस्य प्रथम केंद्रीय महामंत्री स्व. द्वारिका प्रसाद उनियाल को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर सांगठनिक जनपद कोटद्वार के अध्यक्ष मुकेश बड़थ्वाल, रमेश चंद्र कोठारी, प्रवेश नवानी, अशोक कंडारी, विनय भट्ट, सर्वेंद्र काला, राम सिंह चौहान, सत्येंद्र नेगी, दिनेश धूलिया आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *