जल निगम के कर्मचारियों को चार माह से नहीं मिला वेतन, कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। उत्तराखंड पेयजल निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को चार माह से वेतन नहीं मिला है। जिससे उन्हें परिवार के भरण-पोषण को लेकर परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों ने जल्द वेतन नहीं दिए जाने पर जल जीवन मिशन के कामकाज के बहिष्कार की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में फील्ड कर्मचारी बेहतर सेवाएं दे रहा है। लेकिन वेतन रोककर हमारा उत्पीड़न किया जा रहा है।
जल निगम जल संस्थान मजदूर यूनियन उत्तराखंड से जुड़े कर्मचारियों ने प्रबंध निदेशक पेयजल निगम से वेतन दिए जाने की गुहार लगाई है। यूनियन के मंडलीय सचिव रोशन डंडरियाल ने बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत फील्ड कर्मचारी अहम भूमिका निभा रहे हैं। लेकिन वेतन नहीं मिलने से उन्हें फील्ड से जुड़े कार्यों का संपादन करने में भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को अक्टूबर 2020 से वेतन नहीं मिला है। गढ़वाल मंडल के समस्त जिलो में करीब 1500 फील्ड कर्मचारी सेवारत हैं। जिन्हें वेतन नहीं मिलने से आर्थिक संकट से दो-चार होना पड़ रहा है। जिससे उन्हें परिवार के भरण-पोषण को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन के जिलाध्यक्ष महेश जोशी व महामंत्री सुभाष रौथाण ने कहा कि जनपद के कोटद्वार, श्रीनगर व मुख्यालय पौड़ी में तृतीय, चतुर्थ व फील्ड के करीब 200 कर्मचारियों में वेतन नहीं मिलने से भारी रोष है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को जल्द ही वेतन नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। वेतन देने में शासन स्तर पर हीलाहवाली जारी रही तो जल जीवन मिशन के कार्यों का बहिष्कार किए जाने का निर्णय भी जल्द लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *