जम्मू में तैनात रामनगर के हवलदार की मौत

Spread the love

हल्द्वानी। पीरूमदारा निवासी गढ़वाल रेजीमेंट के हवलदार की जम्मू ड्यूटी के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। डॉक्टरों ने हवलदार की हालत नाजुक देखते हुए उनके परिवार को अस्पताल बुला लिया था। गुरुवार देर रात तक फौजी का पार्थिव शव सड़क मार्ग से उनके घर पीरूमदारा लाया जाएगा। शुक्रवार सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। गढ़वाल रेजीमेंट में हवलदार यशपाल सिंह रावत (38) पुत्र शाकम्बर सिंह जम्मू में तैनात थे। उनका परिवार पीरूमदारा में रहता है। बीती चार अक्टूबर को ड्यूटी के दौरान यशपाल चक्कर खाकर जमीन पर गिर गए। साथियों ने आनन-फानन में उन्हें आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत बिगड़ती गई। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखकर यशपाल के परिजनों को बुलवाने की सलाह दी। इसके बाद यशपाल की पत्नी शोभा भाई के साथ जम्मू रवाना हो गईं। मंगलवार देर रात यशपाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पूर्व सैन्य अधिकारी नवीन पोखरिया ने बताया कि गढ़वाल रेजीमेंट के जवान यशपाल रावत मूल रूप से बीरोंखाल पौड़ी के रहने वाले थे। कुछ समय पहले भी उन्हें सिर में गंभीर चोट लगी थी। इसका भी उपचार चल रहा था। उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात तक जवान यशपाल का पार्थिक शरीर उनके आवास पीरूमदारा मयूर विहार लाया जाएगा। शुक्रवार सुबह सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। जवान अपने पीछे एक बेटा-बेटी को उनकी मां को अकेला छोड़ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *