जनगणना के लिए प्रगंणकों को दिया एप संचालन का प्रशिक्षण

परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुटाई जाएगी 40 सवालों के माध्यम से जानकारी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियुक्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के साथ ही मोबाइल एप के संचालन और परिवारों से जानकारी जुटाने के तरीके बताए गए।


तहसील सभागार में आयोजित प्रशिक्षण के तीसरे चरण में नियुक्त एवं आरक्षित प्रगंणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्हें जनगणना क्षेत्र का नक्शा तैयार करने, एप डाउनलोड और इंस्टाल करने, लॉगिन करने तथा मकान सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अलावा परिवार के सभी सदस्यों से 40 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर उसे एप में दर्ज करने का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना अधिनियम 1948 के प्रावधानों के साथ ही प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया। परिवारों के लिए स्व-गणना की प्रक्रिया और उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जनसंख्या गणना में बेघर परिवारों को भी शामिल किया जाएगा। शिक्षक उमेश कुमार वर्मा और सुनील सिंह पंवार ने फील्ड ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण दिया। इस दौरान खंड जनगणना अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी संदीप कुमार, चार्ज जनगणना अधिकारी एवं तहसीलदार राजेंद्र चंद्र सनवाल, आरके दीपक वेदवाल, आरके देवकी नंदन नौटियाल, टेक्नीशियन शिवानी और कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक सिंह नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *