कोटद्वार-पौड़ी

श्रीराम काव्य पाठ प्रतियोगिता में जानकी भट्ट ने मारी बाजी

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। राष्ट्रीय कवि संगम पौड़ी के तत्वाधान में आयोजित श्री राम काव्य पाठ प्रतियोगिता में वक्ताओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के चरित्र का बखूबी गुणगान किया। आधुनिकता के इस दौर में भी भगवान श्रीराम का नाम प्रभावी है। श्रीराम काव्य पाठ प्रतियोगिता को लेकर हुई स्पर्धा में सभी वक्ताओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर जानकी भट्ट, द्वितीय मैथली सिंह और तृतीय स्थान पर कुसुमलता रही। जबकि प्रोत्साहन पुरुस्कार साईनी कृष्ण उनियाल, रश्मि और दीपांशु को प्रदान किया गया।
जिला पंचायत सभागार पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय पौड़ी परिसर के निदेशक प्रो. आरएस नेगी और  कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष केशर सिंह नेगी ने श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम के आदर्श व मर्यादित चरित्र पर अपनी बेहतरीन काव्य प्रस्तुतियां दी। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष केशर सिंह नेगी ने कहा कि इस कार्यक्रम से पौड़ी में सांस्कृतिक शून्यता खत्म हुई है।  वहीं श्रीराम के आदर्शों से नयी पीढ़ी भी रूबरू हुई है। पौड़ी परिसर निदेशक प्रो. आरएस नेगी ने कहा कि भगवान श्री राम एक आदर्श पुत्र, भाई, पति व राजा के रूप में समाज को अनेक चरित्र प्रस्तुत करते हैं। आज उनके आदर्शों को आत्मसात कर मनुष्य जीवन सार्थक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम ने एक मनुष्य से भगवान बनने की साधारण बात समाज को बताई है। उन्होंने नई पीढ़ी को श्रीराम के चरित्र को आत्मसात करने की अपील की है। कार्यक्रम के सह संयोजक भाष्कर द्विवेदी ने बताया कि पहले तीन स्थानों पर पहुंचे प्रतिभागी अक्टूबर माह में देहरादून में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कवि संगम पौड़ी की महामंत्री व प्रख्यात कवियत्री डॉ. ऋतु सिंह और उपाध्यक्ष व कवियत्री अंजलि डुडेजा द्वारा श्री राम पर स्वरचित काव्य पाठ किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में साहित्यकार वीरेंद्र पंवार, पौड़ी परिसर के संस्कृत विभाग से डॉ.ललिता व मनोहर चमोली शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!