पिथौरागढ़। जनमंच ने प्रदेश में शांति और समृद्घि का माहौल को लेकर सांकेतिक धरना दिया। सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में जो चल रहा है, वह सही नहीं है। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम, सिख-ईसाई, आपस में हैं भाई-भाई का नारा देते हुए कहा कि नफरत नहीं रोजगार दो। गुरुवार को नगर में जनमंच के जिला संयोजक भगवान रावत के नेतृत्व में सदस्यों ने अपने-अपने आवास में ही सांकेतिक तौर पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में इन दिनों जनमुद्दों को छोड़ धर्म की राजनीति की जा रही है। एक वर्ग दूसरे वर्ग के विरोध में महापंचायत तक करने की बात कर रहे हैं। कहा कि जिस उद्देश्य से एक अलग प्रदेश की स्थापना हुई थी, आज भी वह सपना अधूरा है। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए लोग जूझ रहे हैं। जिला संयोजक रावत ने कहा कि आगामी 19 जून को भी संगठन गुंडागर्दी, नफरत और गैर संवैधानिक दमन के खिलाफ आवाज उठाएगा।