जनवादी संगठनों ने सरकार का पुतला फूंका

Spread the love

अल्मोड़ा। नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग को लेकर अनशन कर रहे आंदोलनकारियों पर पुलिस के लाठीचार्ज से नाराज जनवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने चौघानपाटा में राज्य की त्रिवेंद्र सरकार का पुतला दहन किया। विरोध में राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सरकार पर जनता की मांगों और आंदोलनों के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों पर बर्बर लाठीचार्ज से यह साफ हो गया है, कि प्रदेश सरकार दमन की नीति पर विश्वास करती है। डबल इंजन की सरकार दमनकारी नीतियों में डबल है। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार जनआंदोलनों के दमन पर केंद्र की मोदी सरकार के पद चिह्नों पर चल रही है। जो किसान आंदोलन, बेरोजगारों, मजदूरों के देशव्यापी आंदोलनों को कुचलना चाहती है। जनता की पीड़ा से इसका कोई सरोकार नहीं है। लगातार बढ़ती महंगाई से जनता त्रस्त है। वक्ताओं ने कहा की पूर्ण बहुमत के नशे में चूर सरकारों को अब जनता आगामी चुनाव में सबक सिखाएगी। यहां जनवादी नौजवान सभा के यूसुफ तिवारी, सीटू के आरपी जोशी, किसान सभा के दिनेश पांडे, अरुण जोशी, स्वपनिल पांडे, मुमताज अख्तर, एडवा की सुनीता पांडे आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *