आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ: मार्च महीने के लिए नामांकित हुए जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन

Spread the love

नईदिल्ली, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने मार्च महीने के ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ के लिए जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन को नामांकित किया है। इन दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय टीम को टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इनके अलावा दक्षिण अफ्रीका के कॉनर एस्टरहुइजन भी इस पुरस्कार के लिए नामित हुए हैं। बता दें कि एस्टरहुइजन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था।
टी-20 विश्व कप में सैमसन को शुरुआती मुकाबलों में भारत की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला। हालांकि, जब उन्हें चुना गया तो उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीता था। इस खिलाड़ी ने 5 मैच की 5 पारियों में 80.25 की उम्दा औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए थे। मार्च 2026 में उन्होंने 3 पारियों में 137.50 की औसत और 199.27 की शानदार स्ट्राइक रेट से 275 रन बनाए थे।
बुमराह ने टी-20 विश्व कप 2026 में 8 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 12.42 की औसत के साथ 14 विकेट लिए थे। वह उस टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। मार्च में बुमराह ने 3 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने कुल 7 विकेट लिए थे। उन्होंने टी-20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 विकेट (4/15) लिए थे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
एस्टरहुइजन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पहली टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 5 मैचों में 200 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 50.00 और स्ट्राइक रेट 145.98 रहा था। एसए20 सीजन में जबरदस्त प्रदर्शन के बाद, एस्टरहुइज़न ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय की शुरुआत 45* रन बनाकर की थी। सीरीज के चौथे मैच में उन्होंने 33 गेंदों पर 57 रन बनाए थे, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था।
महिला वर्ग में मार्च महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए न्यूजीलैंड की अमेलिया केर, ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और दक्षिण अफ्रीका की अयाबोंगा खाका नामांकित हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *