नईदिल्ली, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने टी-20 विश्व कप 2026 में टीमों को लेकर हुए विवाद पर पहली बार कुछ बोला है। बांग्लादेश ने भारत में ये टूर्नामेंट खेलने से मना कर दिया था, वहीं पाकिस्तान ने भी बहिष्कार करने की धमकी दी थी। बांग्लादेश तो टूर्नामेंट नहीं खेली, लेकिन पाकिस्तान ने श्रीलंका में अपने मुकाबले खेले और सुपर-8 से बाहर हो गई। ऐसे में आइए जानते हैं कि जय शाह ने क्या कहा है।आईसीसी चेयरमैन ने कहा, यह आईसीसी विश्व कप बहुत महत्वपूर्ण था, क्योंकि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले इस बात को लेकर काफी चर्चा हो रही थी कि कुछ टीमें इसमें हिस्सा लेंगी या नहीं और विश्व कप कैसे आयोजित होगा? आईसीसी चेयरमैन के तौर पर मैं यह कह सकता हूं कि कोई भी टीम संगठन से बड़ी नहीं होती और न ही कोई एक टीम किसी संगठन को बनाती है। एक संगठन सभी टीमों के संयोजन से बनता है।आईसीसी चेयरमैन ने आगे कहा, इस विश्व कप ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इतिहास में पहली बार 7.2 मिलियन (72 लाख) समकालीन दर्शक (एक ही समय पर देखने वाले दर्शक) दर्ज किए गए और कुल व्यूअरशिप के मामले में भी नए रिकॉर्ड बने। टूर्नामेंट में एसोसिएट टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। यूएसए क्रिकेट टीम ने भारत को कड़ी टक्कर दी, नीदरलैंड्स ने पाकिस्तान को परेशान किया, जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया और नेपाल ने इंग्लैंड को डराया।
उन्होंने आगे कहा, मेरे पास सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर के लिए संदेश है। ऊपर से नीचे फिसलने में कुछ महीने लगते हैं, जबकि नीचे से ऊपर चढ़ने में सालों लग जाते हैं। इसलिए कड़ी मेहनत करते रहिए। जब मैं बीसीसीआई में था, तब मैंने 2028 ओलंपिक तक की योजना बनाई थी। अब मैं आईसीसी में हूं और बीसीसीआई की जिम्मेदारी दूसरों के पास है। आप सभी 2030, 2031 और यहां तक कि 2036 के लिए भी तैयारी करनी चाहिए।
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार और संतुलित प्रदर्शन कर तीसरी बार ट्रॉफी जीती। फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया था। पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए, जबकि गेंदबाजों ने भी अहम मौकों पर विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में रखा। ग्रुप चरण से लेकर सुपर-8 और सेमीफाइनल तक भारत ने एक को छोड़कर सभी मुकाबले जीते। कई नई टीमों ने भी इस टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया।