जयपुर के लिए शुरू हुई रोड़वेज बस सेवा, कालागढ़ सेवा आज से होगी शुरू

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। उत्तराखण्ड परिवहन निगम के सबसे महत्वपूर्ण कोटद्वार डिपो से दिल्ली के अलावा जयपुर के लिए भी बस का संचालन शुरू हो गया है। मंगलवार को जयपुर के लिए करीब 13 यात्रियों ने सफर किया। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डिपो प्रशासन ने देहरादून मार्ग पर दो बसों को बढ़ा दिया है। जबकि पहले देहरादून मार्ग पर चार बसें संचालित की जा रही थी। यात्रियों का कहना है कि जयपुर के लिए बस सेवा शुरू होने से बहुत राहत मिली है। बसों का संचालन न होने से निजी वाहनों को बुक करवाकर जाना पड़ रहा था। जिस कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।
मार्च माह में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए केन्द्र सरकार ने पूरे देश में लॉकडाउन लगाया था। इसके बाद से रोड़वेज बसों का संचालन पूरी तरह से बंद था। प्रदेश सरकार ने अनलॉक होने के बाद प्रदेश के अन्दर तो रोड़वेज बसों के संचालन की अनुमति दी थी, लेकिन अंतर्राज्यीय परिवहन की अनुमति नहीं दी थी। अंतर्राज्यीय परिवहन न होने से लोगों को वाहन बुक कराकर यात्रा करनी पड़ रही थी। सितम्बर माह के अंतिम सप्ताह में शासन से अन्तर्राज्यीय परिवहन की अनुमति और मुख्यालय से आदेश प्राप्त होने के बाद डिपो प्रशासन ने 30 सितम्बर से दिल्ली मार्ग पर दस बसों का संचालन शुरू कर दिया था। अब डिपो प्रशासन ने जयपुर के लिए बस का संचालन शुरू कर दिया है। डिपो से मंगलवार से जयपुर के लिए भी बस सेवा शुरू हा गई है। कोटद्वार रोडवेज डिपो के एआरएम टीकाराम आदित्य ने बताया कि मंगलवार से जयपुर के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। पहले दिन करीब 13 यात्रियों ने यात्रा की। बस सुबह साढ़े दस बजे डिपो से चलेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार से कालागढ़ के लिए भी बस सेवा शुरू कर दी जायेगी। यात्रियों की संख्या को देखते हुए देहरादून मार्ग पर दो बसें बढ़ा दी गई है। जबकि दिल्ली मार्ग पर पूर्व की भांति दस बसे ही संचालित हो रही है। दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से बसों को बढ़ाया जायेगा। उन्होंने बताया कि वाहन 100 फीसदी सीट क्षमता के साथ बस चलेंगी। अब से वाहन पूर्व से तय सामान्य किराया ही लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिना मास्क पहने बस में चढ़ने की अनुमति नहीं होगी। हर वाहन के ड्राइवर, कंडक्टर और यात्री के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *