पहाडी से गिरकर झारखंड के युवक की मौत

Spread the love

चमोली : चमोली जिले के हेलंग में पहाड़ी से कूदने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वह मूलरूप से झारखंड का रहने वाला था और साथियों के साथ मजदूरी करने बदरीनाथ आया था। पुलिस और एसडीआरएफ टीम उसे पहाड़ी से रेस्क्यू करने गई थी, लेकिन वह कूद गया था। कोतवाली ज्योतिर्मठ के दरोगा देवेन्द्र पंत के अनुसार, यह घटना पांच जुलाई की है। रात करीब सवा आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि ज्योतिर्मठ नगर से 10 किमी. आगे हेलंग में पहाडी में एक व्यक्ति चढ़ा हुआ है और उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है। पुलिस एवं एसडीआरएफ मौके पर पहुंची। टीम ने उसे नीचे निकालने का प्रयास किया तो वह और ऊपर चला गया और फिर पहाड़ी पर एक पेड़ में चढ़ गया, जहां पांव फिसलने से वह लगभग 30-35 मीटर नीचे गिर गया। उपचार के लिए उसे सीएचसी ज्योतिर्मठ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बलधन टुडू (27 साल) पुत्र सोम टुडू निवासी देवधर झारखंड के रूप में हुई है। बलधन के साथियों ने पुलिस को बताया कि वह इसी माह बदरीनाथ में मजदूरी करने आया था, लेकिन वहां उसने कुछ अजीब सी हरकतें करनी शुरू कर दीं, जिसके बाद उसके साथी उसे 5 जुलाई को वापस झारखंड ले जाने लगे। तभी वह ज्योतिर्मठ नगर के बदरीनाथ टैक्सी स्टैंड से भाग गया था। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *