46वीं नेशनल मास्टर एथलेटिक्स में झारखंड का दमदार प्रदर्शन, 4 गोल्ड समेत कुल 8 पदक जीतकर रचा इतिहास

Spread the love

रांची,। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में आयोजित 46वीं नेशनल मास्टर एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता में झारखंड मास्टर एथलेटिक्स के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया. इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने कुल 8 पदक अपने नाम किए, जिसमें 4 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं. उम्र को मात देते हुए खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि जज्बा और अनुशासन के आगे उम्र कोई बाधा नहीं होती.
प्रतियोगिता में झारखंड के वरिष्ठ एथलीट राम प्रताप मुंडा ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए 80+ आयु वर्ग में तीन स्वर्ण पदक जीतकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. उन्होंने 800 मीटर दौड़, 5000 मीटर दौड़ और 5000 मीटर वॉकिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर झारखंड को गौरवान्वित किया.
उनकी यह उपलब्धि न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के मास्टर एथलीट के लिए प्रेरणा बन गई है. वहीं, 35+ आयु वर्ग में मुन्ना ने 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड के स्वर्ण पदकों की संख्या को चार तक पहुंचाया. उनकी मेहनत और लगन का परिणाम राष्ट्रीय मंच पर साफ दिखाई दिया.
महिला वर्ग में भी झारखंड के एथलीट ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. श्रुति कामना तिर्की ने 35+ आयु वर्ग में शॉट पुट में रजत पदक और डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की. वहीं, 60+ आयु वर्ग में प्रभा लकड़ा ने शॉट पुट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर झारखंड की झोली में एक और पदक जोड़ा.
इसके अलावा, 70+ आयु वर्ग में बाबू देव ने 2000 मीटर स्टीपलचेज (2000 स्ष्ट) स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अपने अनुभव और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया. झारखंड मास्टर एथलेटिक्स के सचिव लक्ष्मण राम ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी.
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद झारखंड के मास्टर एथलीट ने राष्ट्रीय स्तर पर जो प्रदर्शन किया है, वह काबिले तारीफ है. झारखंड मास्टर एथलेटिक्स संघ के सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों की ओर से विजेताओं को शुभकामनाएं दी गईं और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई. यह सफलता झारखंड के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ती है और आने वाली पीढ़ियों को खेल के प्रति प्रेरित करती है.
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *