संयुक्त निदेशक ने पॉलिटेक्निक कॉलेज की भूमि का किया निरीक्षण

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : विकासखंड़ कीर्तिनगर के अंतर्गत जोगणीसैंण में स्वीकृत पॉलिटेक्निक कॉलेज को लेकर गुरुवार को प्राविधिक शिक्षा उत्तराखंड के संयुक्त निदेशक ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट शासन को भेजी जायेगी, जिसके बाद पॉलिटेक्निक के निर्माण कार्य को लेकर निर्णय लिया जायेगा। विदित हो कि 14 दिसंबर 2016 को कांग्रेस शासनकाल में यहां पॉलिटेक्निक का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू करवाया गया था, जिसके लिये ग्रामीणों ने 110 नाली भूमि भवन बनाने के लिए सरकार को दान की थी, लेकिन भवन का बनना तो दूर, यहां भूमि का समतलीकरण एवं सुरक्षा दीवार के मरम्मत का कार्य आधा-अधूरा छोड़ कर निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुरोध पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने लंबित पॉलिटेक्निक के लिए नाबार्ड द्वारा तीन करोड़ 25 लाख की वित्तीय स्वीकृति कराई, जिसके कुछ समय बाद पुन: कार्य शुरू किया गया, लेकिन वह भी बंद कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पालिटेक्निक के निर्माण कार्य शुरू किए जाने की मांग को लेकर कई बार सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लगातार शिकायतें दर्ज करवाई जा रही थी, लेकिन किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई। कहा कि लम्बे समय से क्षेत्र के ग्रामीण पालिटेक्निक निर्माण कार्य की मांग कर रहे हैं, किंतु पालीटेक्निक का निर्माण कार्य फाइलों तक ही सीमित रह गया है। ग्रामीणों की लगातार शिकायत करने के बाद गुरुवार को उत्तराखंड के संयुक्त निदेशक देवेंद्र गिरी ने जोगणीसैंण पॉलिटेक्निक की भूमि का निरीक्षण किया। प्राविधिक शिक्षा उत्तराखंड के संयुक्त निदेशक देवेंद्र गिरी ने बताया कि शासन स्तर से मिले निर्देशों के अनुसार जोगणीसैंण में स्वीकृत पॉलीटेक्निक की भूमि का निरीक्षण किया गया। एक सप्ताह के भीतर सर्वेक्षण रिपोर्ट को शासन को भेजी जायेगी। टीम में विवेक गोयल, जीतेंद्र कुंवर, जोगणीसैंण पॉलिटेक्निक के संयोजक देवेंद्र यादव मौजूद थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *