– चारधाम यात्रा मार्ग पर रोड मार्किंग, रंबल स्ट्रिप और चेतावनी बोर्ड लगाने की सिफारिश
ऋषिकेश()। चारधाम यात्रा के सुरक्षित संचालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों ने शनिवार को नेशनल हाईवे तथा रानीपोखरी-ऋषिकेश (दून-ऋषिकेश) मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एक विस्तृत संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक सुरक्षा कार्यों के क्रियान्वयन के लिए सविन बंसल को भेज दी गई है। शनिवार को ट्रैफिक निरीक्षक प्रदीप कुमार और एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत के नेतृत्व में एनएचएआई, एनएच और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की टीम ने रायवाला से भानियावाला तक नेशनल हाईवे का जायजा लिया। इसके बाद टीम जौलीग्रांट होते हुए रानीपोखरी और फिर ऋषिकेश पहुंची। इस दौरान हाईवे और रानीपोखरी-ऋषिकेश मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख चौराहों, तिराहों, यू-टर्न और कट प्वाइंट्स का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि यात्रा के दौरान यातायात दबाव को देखते हुए कई स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है। इसी आधार पर बिंदुवार संयुक्त रिपोर्ट तैयार की गई। रिपोर्ट में हाईवे और रानीपोखरी से ऋषिकेश मार्ग पर रोड मार्किंग को दुरुस्त करने, रंबल स्ट्रिप लगाने, स्टॉप लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग चिह्नित करने, कैट आई और डेलिनेटर लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा सूचनात्मक, गति सीमा और चेतावनी बोर्ड स्थापित करने, ब्लिंकर लगाने तथा डिवाइडर पर फ्लोरोसेंट रंग कराने की भी सिफारिश की गई है। टीम ने अनाधिकृत कटों को बंद कराने और पथ-प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है, ताकि रात्रिकालीन यातायात में दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके। अधिकारियों के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में तीर्थयात्री इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में न केवल बाहरी श्रद्धालुओं बल्कि स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है।