संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक सेट को तहसील कर्मियों ने दी भावभीनी विदाई।
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट के जनपद हरिद्वार के रुड़की स्थानांतरण के बाद दीक्षिता जोशी ने शुक्रवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी का कार्यभार संभाल लिया है। उपजिलाधिकारी कार्यालय में इस अवसर में दीपक रामचंद्र शेट के स्थानांतरण होने पर तहसील प्रशासन ने उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।
शुक्रवार को आयोजित विदाई समारोह में दीपक रामचंद्र सेट ने कहा कि पौड़ी में कार्य करना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। यहां के लोगों का सहयोग और सादगी हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान वहां उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी, व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर शुभकामनाएं दी। नव नियुक्त संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि वह जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने टीमवर्क के साथ विकास कार्यों को गति देने और जनहित को सर्वोपरि रखने की बात कही। इस अवसर पर व्यापार सभा पौड़ी अध्यक्ष विनय शर्मा, सभासद अरविंद रावत, सभासद प्रवीण असवाल, ग्रामीण पत्रकार जगमोहन डांगी, नायब तहसीलदार उपेन्द्र सिंह राणा, कानूनगो सुदामा सिंह रावत, प्रशासनिक अधिकारी दिनेश चंद्र नौटियाल, पेशकार राकेश कोली, राजस्व उप निरीक्षक कुलदीप, संजय नेगी सहित बिजेंद्र नेगी, अमित व अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कानूनगो सुदामा सिंह रावत ने किया।