जौनपुर में स्ट्रीट लाइटें एक माह से खराब, सड़कों पर अंधेरा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र में समस्याओं का दायरा बढ़ता जा रहा है। बरसात में जलजमाव व कीचड़ की समस्या कई इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ा रही थी। बारिश के बाद इससे तो लोगों को निजात मिली, लेकिन कई समस्याओं के प्रति निगम प्रशासन ने आंखें मूंदी है। नगर निगम क्षेत्र में 40 वार्ड हैं। बैंक कॉलोनी जौनपुर में पिछले एक माह से स्ट्रीट लाइटें खराब है, जो रात में जलते ही नहीं हैं। यही हाल अन्य मोहल्लों का भी है। स्ट्रीट लाइट महीनों से बंद रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नगर निगम क्षेत्र के बैंक कॉलोनी जौनपुर मोहल्ले में करीब 6 स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब है। पथ प्रकाश की बेहतर व्यवस्था नहीं होने से मोहल्ले में सड़कों पर अंधेरा रहता है। स्थानीय निवासी कमल बिष्ट ने बताया कि बैंक कॉलोनी जौनपुर में दर्जन भर से अधिक घरों तक पहुंचने के लिए अंधेरे में होकर जाना पड़ता है। नगर निगम की ओर से पथ प्रकाश की व्यवस्था के लिए पूर्व में स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी, जो एक माह से खराब पड़ी हुई है। कई बार निगम के अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। पथ प्रकाश की व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन गंभीर नहीं है। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने में कोई रुचि नहीं ले रहा है। रात के समय बिजली रहने पर भी सड़क से गुजरने पर अंधेरे में होकर जाना पड़ता है। लाइट खराब रहने से सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। खासकर महिला और टयूशन जाने वाली छात्राओं को भय का सामना करना पड़ता है। अंधेरा रहने से शरारती तत्वों के लिए यह सड़क छीना-झपटी का अड्डा बन जाता है।
उधर, नगर निगम कोटद्वार के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि सभी स्थानों पर पथ प्रकाश की बेहतर व्यवस्था की गई है। स्ट्रीट लाइट खराब होने पर ठीक कराया जाता है। अगर कहीं स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है तो उसे ठीक करा दिया जाएगा। नगर में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *