नईदिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, जिसके लिए सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं। इस बीच खबर है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के जोश हेजलवुड और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के पैट कमिंस आगामी सीजन के शुरुआती कुछ मैचों से बाहर रहने वाले हैं। दरअसल, ये दोनों ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज फिलहाल फिटनेस हासिल करने में क्रम में रिहैब कर रहे हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
हेजलवुड हैमस्ट्रिंग और अकिलीज टेंडन की चोट के बाद रिकवरी कर रहे हैं, जबकि कमिंस लोअर बैक की चोट से वापसी करने के लिए प्रयासरत हैं। ये दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम की निगरानी में रिहैब कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन गेंदबाजों का शुरुआती कुछ मैचों से बाहर होना तय है और बाद में उनकी उपलब्धता मेडिकल क्लीयरेंस (चिकित्सकीय मंजूरी) पर निर्भर करेगी।
आईपीएल 2025 का खिताब आरसीबी ने जीता था और हेजलवुड इस विजेता टीम के सदस्य थे। पिछले सीजन में हेजलवुड ने आरसीबी के लिए 12 मैच खेले, जिसमें 17.54 की उम्दा औसत और 8.77 की इकॉनमी रेट के साथ 22 विकेट लिए थे। हेजलवुड आईपीएल 2025 की समाप्ति के बाद संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। उस संस्करण में हेजलवुड से ज्यादा विकेट सिर्फ प्रसिद्ध कृष्णा (25) और नूर अहमद (24) ने लिए थे।
रिपोर्ट के अनुसार, कमिंस की गैरमौजूदगी में शुरुआती कुछ मैचों में एसआरएच की कप्तानी ईशान किशन करते हुए नजर आ सकते हैं। किशन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड की कप्तानी कर चुके हैं और इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2026 में 9 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए थे।
नवंबर 2025 में शेफील्ड शील्ड में लगी हैमस्ट्रिंग चोट के बाद से हेजलवुड कोई मैच नहीं खेले हैं। इस चोट के कारण वह टी-20 विश्व कप 2026 में भी नहीं खेल पाए थे। वहीं, कमिंस ने अपना आखिरी मैच दिसंबर 2025 में एशेज सीरीज का खेला था। वह भी टी-20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे। भारत और श्रीलंका में खेले गए टी-20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम सुपर-8 में भी नहीं पहुंच सकी थी।