जेपी नड्डा ने लगवाई कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, एक दिन में रिकर्ड 20 लाख से ज्यादा लोगों को दी गई खुराक

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में तेजी से कोरोना टीकाकरण के बीच आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है। भाजपा अध्यक्ष ने भारत बायोटेक और आइसीएमआर द्वारा निर्मित कोवैक्सीन का टीका लगवाया है। उन्होंने दिल्ली के वसंत कुज में स्थित फोर्टिस अस्पताल में कोरोना का टीका लगवाया है। इसके पहले भी भाजपा के कई बड़े नेता और मंत्री कोरोना का टीका लगवा चुके हैं। कोरोना का टीका लगवाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी शामिल हैं।
बता दें कि केंद्र सरकार ने 1 मार्च से 60 वर्ष से अधिक उम्र और 45 से 59 वर्ष अधिक गंभीर रूप से बीमार लोगों के लिए राष्ट्रव्यापी कोरोना टीकाकरण अभियान शुरू किया है।
कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण में सोमवार को सारे रिकर्ड टूट गए। अभियान के 52वें दिन लाभार्थियों को रिकार्ड 20 लाख से ज्यादा डोज दी गई। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा टीकाकरण का रिकर्ड 15 लाख डोज का था। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने बताया कि देशभर में अब तक कोरोना रोधी वैक्सीन की कुल 2़30 करोड़ डोज लाभार्थियों की दी जा चुकी है। सोमवार को 20,19,723 डोज दी गई। इनमें से 17,15,380 लाभार्थियों को पहली डोज और 3,04,343 स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि सोमवार को टीकाकरण के लिए 28,884 सत्रों का आयोजन किया गया। पहली डोज लेने वालों में 60 साल से अधिक उम्र के सबसे ज्यादा 12,22,351 लाभार्थी और गंभीर रोग से ग्रस्त 45-59 साल के बीच 2,21,148 लाभार्थी शामिल थे। देश में टीकाकरण की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी।
अब तक टीका लगवाने वालों में 70़75 लाख स्वास्थ्यकर्मी, 67़92 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स, 60 साल से अधिक उम्र के 43़74 लाख और गंभीर रोग से ग्रस्त 45 साल से अधिक के 7़01 लाख लोग शामिल हैं। स्वास्थ्यकर्मियों में से 37़39 लाख को और फ्रंटलाइन वर्कर्स में से 3़25 लाख को वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *