बागेश्वर। तापमान बढ़ने के साथ अब जंगलों में आग की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। रविवार को शीतलाखेत के धारी गांव में वन पंचायत का जंगल जल उठा। ग्रामीणों ने आग बुझाने के तमाम प्रयास किए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। देर रात तापमान और ओस गिरने के बाद आग स्वत: ही आग बुझ गई। रविवार दोपहर धारी गांव में वन पंचायत के जंगल में अज्ञात कारण से आग धधक उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। इससे जंगल में धुएं का गुबार उठने लगा। शाम होते-होते लोगों को आग लगने का पता चला। स्थानीय युवा आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि युवाओं के प्रयास नाकाफी साबित हुए। आखिरकार युवाओं को हार माननी पड़ी। रात होने तक जंगल धधकता रहा। इससे वन पंचायत के जंगल को काफी नुकसान हो गया। गनीमत रही कि रात होने पर तापमान के साथ ओस गिरने लगी। इससे आग स्वत: ही बुझ गई। वहीं, वन विभाग अंदाजा लगा रहा है कि ओण में लगाई गई आग जंगल तक फैली होगी। विभाग ने लोगों से ओण जलाने तक निगरानी रखने और जलने के बाद पानी से पूरी तरह बुझाने की अपील की है, जिससे आग जंगलों की ओर न फैले।