ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाला ज्वालापुर का छात्र लापता

Spread the love

हरिद्वार। ज्वालापुर का रहने वाला 11वीं कक्षा का छात्र दो दिन पहले लापता हो गया। छात्र के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर उसे ढूंढने की गुहार लगायी है। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस छात्र की तलाश कर रही है। छात्र के परिजन भी उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। कुछ दिन पहले सड़क पर मिले ढाई लाख रुपए उसके मालिक को लौटा कर ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाला ज्वालापुर के मौहल्ला पांवधोई निवासी 11वीं का छात्र उजैर अचानक लापता हो गया। परिजनों के मुताबिक उजैर को दो अनजान व्यक्तियों के साथ देखा गया था।
राष्ट्रीय इंटर कलेज भेल में 11वीं कक्षा का छात्र उजैर कुछ दिन पहले तब चर्चाओं में आया था। जब स्कूल से घर लौटते हुए उसे भेल मध्य मार्ग पर बैंक से बेटी की शादी के लिए नकदी निकालकर लौट रहे एक स्कूटर सवार का नकदी से भरा बैग सड़क पर पडा मिला। बैग को लेकर वह सड़क पर ही स्कूटर सवार का इंतजार करता रहा। जब स्कूटर सवार अपना बैग ढूंढते हुए वापस पहुंचा तो उजैर ने बैग वापस लौटा दिया। बेटी की शादी के लिए बैंक से निकाले रूपए वापस मिलने पर उस व्यक्ति ने उजैर की ईमानदारी की बहुत प्रशंसा की। ईमानदारी की मिसाल कायम करने पर उजैर को स्कूल प्रबंधन, समाज के अनेक गणमान्य लोगों सहित रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने भी छात्र को कोतवाली में बुलाकर सम्मानित किया था।
छात्र के पिता नवाब अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 24 मार्च की शाम से उजैर लापता है। उसे आखिरी बार दो अंजान लोगों के साथ देखा गया है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी महेश जोशी ने बताया कि रेलवे स्टेशन, रोड़वेज बस स्टैण्ड सहित सभी संभावित स्थानों पर छात्र की तलाश की जा रही है। रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *