विकासनगर()। जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर के मुख्य मार्ग कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जड़वाला के समीप सड़क बदहाल हो गई है। बीते वर्ष भारी बारिश के दौरान भूस्खलन के कारण मार्ग संकरा हो गया है। कई स्थानों पर सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। कालसी-चकराता मोटर मार्ग जौनसार-बावर का प्रमुख संपर्क मार्ग है। इससे प्रतिदिन हजारों लोग आवाजाही करते हैं। मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सहिया-क्वानू मोटर मार्ग भी भूस्खलन के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। इस मार्ग से दर्जनों गांवों के लोग आवागमन करते हैं। सड़कों की दयनीय स्थिति के कारण इन पर सफर करना जोखिमभरा हो गया है। इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों के किसान मटर की नकदी फसल को मंडियों तक पहुंचा रहे हैं। जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़क उनके लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग लंबे समय से सड़कों की मरम्मत की अनदेखी कर रहा है। बजट न होने का हवाला देकर काम टाल दिया जाता है। ——– डामरीकरण किया, क्षतिग्रस्त दीवार नहीं बनाई कालसी। लखवाड़ संपर्क मार्ग का लोनिवि ने डामरीकरण किया लेकिन क्षतिग्रस्त दीवार को नहीं बनाया। इससे दुर्घटनाओं का खतरा पैदा हो गया है। क्षेत्रवासियों ने क्षतिग्रस्त दीवार बनाने की मांग विभाग से की है। क्षेत्रवासी शूरवीर सिंह, आनंद सिंह, संदीप तोमर, चमन सिंह, राजेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, विजयपाल सिंह, करम सिंह व सुभाष आदि का कहना है कि लखवाड़ संपर्क मार्ग से होकर धनपौ, सावडा, जखनौग भिस्तौ, बान्सू, चुन्हौ, बागी व विहार आदि गांव के लोगों के साथ लखवाड़ स्थित महासू देवता मंदिर के लिए पर्यटक सफर करते है। विभाग ने लखवाड़ संपर्क मार्ग का डामरीकरण तो कर दिया लेकिन क्षतिग्रस्त दीवारों को नहीं बनाया। इससे मार्ग पर हादसों का खतरा बन गया है। उन्होंने विभाग से शीघ्र क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत करने की मांग की है। —- कालसी-चकराता मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से के सुधारीकरण के लिए आकलन भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लखवाड़ संपर्क मार्ग पर भी जहां दीवारें क्षतिग्रस्त हैं उन्हें भी जल्द बनाया जाएगा। रचना थपलियाल, ईई लोनिवि साहिया