कंडोलिया ठाकुर की डोली ने किया नगर भ्रमण, श्रद्धालुओं ने की पुष्प वर्षा, लिया आशीर्वाद

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्यालय पौड़ी में भूम्याल देव कंडोलिया ठाकुर का वार्षिक पूजन कार्यक्रम शुरू हो गया है। जिसको लेकर नगर भ्रमण पर निकली कंडोलिया ठाकुर की डोली पर जगह-जगह खड़े श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की और कंडोलिया ठाकुर से आशीर्वाद लिया। डोली नगर भ्रमण के दौरान कांडई तथा च्वींचा गांव के निशान और ध्वजाओं का मिलन एजेंसी चौक पर हुआ और डोली नगर भ्रमण यात्रा ने भव्य रूप ले लिया।
वार्षिक पूजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। सैकड़ो की संख्या में जुटे हुजूम को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस मौके पर भंडारा समिति सांस्कृतिक दलों के साथ तो दोनों गांव से आई ध्वजाएं व निशानों के साथ बड़ी संख्या में लोग कंडोलिया ठाकुर के जयकारों के साथ झूमते हुए नजर आए। हर साल आयोजित होने वाले इस वार्षिक पूजन को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां शुरू हो गई थी। पूजन में बड़ी संख्या में प्रवासी लोग भी हिस्सा लेते हैं। बीते दिनों पुलिस प्रशासन ने भी मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था, शांति व कानून व्यवस्था को बनाए रखने को लेकर चर्चा की थी। शुक्रवार को विभिन्न गांवों से ध्वजा कंडोलिया मंदिर पहुंची। इस दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। मंदिर समिति के अध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी ने बताया कि भक्तों के लिए यहा पर भंडारा भी शुरू कर दिया गया है। शनिवार को मंदिर में दिन भर पूजा अर्चना के बाद रात्रि जागरण किया जाएगा और रविवार को विशाल भंडारे के साथ पूजन का समापन होगा। इस मौके पर स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं द्वारा भी प्रतिभाग किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *