जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : चक्रवर्ती सम्राट भरत की जन्मस्थली कण्वाश्रम में कण्वाश्रम महोत्सव एक फरवरी से होगा। व्यवस्थाओं को लेकर समिति की ओर से बैठक आयोजित की गई। कण्वाश्रम महोत्सव तीन फरवरी तक चलेगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने कहा कि एक फरवरी को महोत्सव का शुभारंभ विद्यालयों के छात्रों व संस्कृति विभाग के दलों के माध्यम से मार्च पास्ट के साथ होगा। दो फरवरी को विभिन्न प्रकार के खेलों के आयोजन के साथ महिलाओं की मनोरंजक प्रतियोगिताएं व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीन फरवरी को उत्तराखंड के प्रसिद्ध सांस्कृतिक दलों के माध्यम से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएगी। इस मौके पर महोत्सव के संयोजक मंजुल डबराल, सह संयोजक जगमोहन सिंह रावत, वीरेंद्र भारद्वाज, पंकज कबडाल, पंकज नेगी, मंजीत नेगी, गौरव रावत, आशीष रौतेला मौजूद रहे।