करारी पहुंचा गंगा में डूबे चचेरे भाइयों का शव, किया गया सुपुर्दे खाक

Spread the love

वृहस्पतिवार को फतेहपुर में नहाने के दौरान गंगा में समा गए थे दो चचेरे भाई
करारी, कौशाम्बी , करारी कस्बे के दो चचेरे भाइयों की फतेहपुर में गंगा में नहाने के दौरान डूबने से हुई मौत के बाद शुक्रवार को शव घर पहुंचा। शव पहुंचते परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। देर शाम दोनों शवों को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
कस्बे के नेता नगर के रहने वाले हबीब अहमद अपने भाई सिद्दीक अहमद के साथ परिवार के फातिया में पैतृक गांव फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मातिनपुर गांव गए थे। वृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे हबीब का पुत्र साहे जमन (16) सिद्दीक का पुत्र मुदस्सिर (18) गांव किनारे गंगा नदी में नहाने गए थे। दोनों नदी किनारे कपड़े उतारकर नहाने गंगा में उतर गए। गहरे पानी में जाने से दोनों डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर गंगा पार फसल की रखवाली कर रहे किसान शोर मचाकर दौड़े। ग्रामीणों ने नदी में उतरकर खोजबीन शुरू की। दो गोताखोर बुलाए गए। खोजबीन के दौरान शाम साढ़े सात बजे शव उतराते दिखे। जिसके बाद उन्हें निकाला गया। मुदस्सिर इंटर व साहे जमन हाईस्कूल का छात्र था। मुदस्सिर छह भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। जबकि साहे जमन तीन बहनों में एकलौता भाई था। शुक्रवार को शव घर पर पहुंचने पर परिजन चीख मारकर रोने लगे। देर शाम दोनों के शवों को सुपुर्देखाक कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *