जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : करवाचौथ पर्व को लेकर कोटद्वार के बाजार में खूब रौनक देखने को मिली। पर्व की तैयारियों के लिए बाजारों में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दुकानों पर खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। बाजारों में महिलाओं की चहल-पहल से त्योहार का माहौल नजर आया। सुहागिन महिलाओं ने करवाचौथ की पूजा और सोलह शृंगार के लिए जमकर खरीदारी की।

करवाचौथ का पर्व नजदीक आते ही शहर के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई। कपड़ों, चूड़ियों, मेहंदी, सौंदर्य प्रसाधनों, आभूषणों और पूजा सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। महिलाओं ने अपनी पसंद के अनुसार साड़ी, सूट, लहंगे, चूड़ियां और अन्य शृंगार का सामान खरीदा। वहीं, करवा, छलनी, दीपक, पूजन थाली, मिठाई और फल की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। करवा चौथ पर सुहागिन महिलाओं के सोलह शृंगार का विशेष महत्व होने के कारण चूड़ियों, बिंदी, मेहंदी, सिंदूर और सौदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखने को मिली।
पूजा सामग्री की दुकानों पर भी रही चहल-पहल
करवाचौथ की पूजा के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी को लेकर भी महिलाओं में उत्साह दिखाई दिया। करवा, छलनी, पूजा की थाली, दीपक, मिठाई और फल खरीदने के लिए ग्राहक दुकानों पर पहुंचे। महिलाओं ने पूजा से संबंधित आवश्यक सामान जुटाया, ताकि शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर चंद्रमा के दर्शन के बाद व्रत का पारण किया जा सके।
व्यापारियों को कारोबार बढ़ने की उम्मीद
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। कपड़े, शृंगार सामग्री, मिठाई, फल और पूजा सामग्री बेचने वाले दुकानदारों को करवाचौथ के अवसर पर अच्छे कारोबार की उम्मीद रही। पर्व के चलते बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से दुकानदारों को बिक्री में तेजी आने की आशा है।