आगरा ,उत्तर प्रदेश में आगरा से समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन अपने एक बयान के बाद बुधवार को करणी सेना के निशाने पर आ गए।गुस्साए करणी सेना के लोग दोपहर में बुलडोजर लेकर रामजीलाल के आवास पर पहुंच गए और तोडफ़ोड़ मचा दी।
सेना के लोगों ने सांसद के आवास पर पथराव किया और कुर्सियां तोड़ दीं। आसपास खड़ी गाडिय़ों को नुकसान पहुंचाया और काफी उत्पात मचाया।
पुलिस ने मौके पर स्थिति को काबू में किया।करणी सेना की नाराजगी को देखते हुए पुलिस बल पहले से ही सांसद के आवास पर तैनात था। जब भीड़ ने उनके आवास में घुसने की कोशिश की तो उनकी पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई।
इस दौरान इंस्पेक्टर हरीश पर्वत समेत पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि करणी सेना के लोगों को भी चोट पहुंची है। सेना के लोगों ने गेट तोडऩे की कोशिश की।
इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कई लोग हिरासत में लिए गए हैं।
सांसद सुमन का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह मेवाड़ के शासक राणा सांगा को गद्दार कहते दिख रहे हैं।
उन्होंने 21 मार्च को राज्यसभा में कहा था कि इब्राहिम लोदी को हराने के लिए सांगा ही बाबर को भारत लाए थे। उन्होंने हिंदुओं को उनका वंशज बताया।
बयान के बाद करणी सेना के पदाधिकारियों ने थाने में शिकायत दी, लेकिन बुधवार को हंगामा करने पहुंच गए।
मध्य प्रदेश में सपा कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन हुआ।