जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पोखड़ा के गवाणी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में ग्रामीण विकास नागरिक विचार मंच की ओर से विलोचन प्रसाद नवानी स्मृति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रवृत्ति योजना के तहत कशिश, निधि व खुशी को एक लाख की धनराशि व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश के मंगलाचरण व दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एमडी कुशवाहा व ग्राम प्रधान रेखा नवानी ने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला मंगल दलों की ओर से गढ़वाली लोकगीतों की प्रस्तुति दी गई। मंच के अध्यक्ष प्रवेश चंद्र नवानी ने विचार मंच के उपलब्धियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली कृषि विश्वविद्यालय भरसार की छात्रा कशिश व निधि व कृषि महाविद्यालय चिरबटिया रूद्रप्रयाग की छात्रा खुशी को सम्मानित किया गया। प्रो. एमडी कुशवाहा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन राशि मिलने से बच्चों का मनोबल बढ़ेगा। साथ ही नौजवान युवक-युवतियों को पहाड़ के प्रति लगाव भी बढ़ेगा। इस मौके पर रघुवीर सिंह रवत, वीरेंद्र सिंह रावत, विजयानंद लिंगवाल, प्रभुशरण बुड़ाकोटी, कविता नवानी, लक्ष्मी गुसांई आदि मौजूद रहे।