अयोध्या राम मंदिर में कश्मीरी ने की नमाज पढ़ने की कोशिश, रोकने पर की नारेबाजी, प्रशासन अलर्ट

Spread the love

नई दिल्ली , अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति द्वारा मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की कोशिश करने की सूचना मिली। घटना करीब दो बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया।जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं के बीच मौजूद एक व्यक्ति मंदिर के पश्चिमी परकोटे तक पहुंच गया और वहां कपड़ा बिछाकर नमाज पढ़ने की तैयारी करने लगा। सुरक्षाकर्मियों को उस पर संदेह हुआ और जैसे ही वह बैठने लगा, उसे तुरंत पकड़ लिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद व्यक्ति द्वारा नारेबाजी किए जाने की भी बात सामने आई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ, एसएसएफ और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल सभी एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति के पास से आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिस पर उसका नाम अहद शेख दर्ज है। उसकी उम्र लगभग 50–55 वर्ष बताई जा रही है और वह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर/शोपियां क्षेत्र का निवासी है। एसएसपी के अनुसार, मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और व्यक्ति द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी। फिलहाल व्यक्ति से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *