श्रीनगर गढ़वाल। 14 से 18 जुलाई तक नगर क्षेत्र में कथक नृत्य की निशुल्क कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। कार्यशाला में प्रसिद्व कथक नृतक आशीष सिंह द्वारा विद्यार्थियों को कथक नृत्य की प्रारंभिक शिक्षा प्रदान की जाएगी। कार्यशाला का आयोजन देहलचौरी स्थित शेमफोर्ड स्कूल व नगर क्षेत्र में किया जायेगा। सुबह व शाम दो सत्र में कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें कथक नृत्य में रुचि रखने वाले प्रतिभाग कर सकते हैं। कथक नृतक आशीष सिंह मूलतः वाराणसी के रहने वाले हैं और वर्तमान में वृंदावन धाम में निवास करते हुए अपनी कथक नृत्य की साधना कर रहे हैं। आशीष ने कथक नृत्य की प्रारंभिक शिक्षा पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज की शिष्या संगीता सिन्हा से प्राप्त की है।
उन्होंने बताया कि आज के युवा पीढ़ी को अपनी भारतीय संस्कृति से रूबरू कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड में अलग अलग शहरों में जाकर विद्यार्थियों को कथक नृत्य की शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। अब तक अल्मोड़ा, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ न्यू टिहरी समेत अन्य क्षेत्रों में कार्यशाला आयोजित कर चुके हैं।