बागेश्वर। उत्तराखण्ड के रमणीय पर्यटन स्थल कौसानी के लिए गौरव का एक ऐतिहासिक क्षण उस समय सामने आया, जब यहां के वरिष्ठ होटल व्यवसायी बीडी जोशी को हॉस्पिटैलिटी एवं टूरिज्म के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक, समर्पित और उत्कृष्ट योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। रामनगर में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें प्रदान किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण व्याप्त हो गया।
होटल एसोसिएशन कौसानी के अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने इस अवसर को कौसानी के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि सम्पूर्ण उत्तराखण्ड से मात्र तीन होटल व्यवसायियों को इस सम्मान के लिए चयनित किया गया, जिनमें बीडी जोशी का नाम शामिल होना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे कौसानी क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इसे स्थानीय पर्यटन उद्योग की वर्षों की मेहनत और प्रतिबद्धता का प्रतिफल बताया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कौसानी होटल एसोसिएशन द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक होटल व्यवसायियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने इसे कौसानी के पर्यटन भविष्य के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया।
वहीं, अपने संबोधन में बीडी जोशी ने जहां इस सम्मान के लिए आभार प्रकट किया, वहीं उन्होंने राज्य सरकार की ओर से कौसानी में पर्यटन विकास के प्रति अपेक्षित पहल न होने पर चिंता भी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि कौसानी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है, तो सरकार को ठोस और दूरदर्शी कदम उठाने होंगे। उन्होंने ईको पार्क के विकास, हिमालय दर्शन हेतु हैली सेवा, नाइट बाजार की स्थापना, पैराग्लाइडिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों को बढ़ावा, सांस्कृतिक मंच का निर्माण, कौसानी से पिनाथ तक रोपवे परियोजना और टी टूरिज्म को विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इस अवसर पर विपिन उप्रेती, हरीश खर्कवाल, अनिल बिष्ट, कुशाल रावत, हरेंद्र चिलवाल, मनोज बिष्ट, शेखर पांडे, पुष्कर कुमार और नंदन किरमोलिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह सम्मान न केवल बीडी जोशी के दशकों के समर्पण का प्रमाण है, बल्कि यह संकेत भी है कि यदि स्थानीय स्तर पर ऐसे प्रयासों को सरकारी सहयोग मिले, तो कौसानी आने वाले समय में पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकता है।