केदानाथ यात्रा सुचारु, गौरीकुंड से पांच हजार यात्री भेजे

Spread the love

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा रविवार को सुचारु हो गई। हालांकि गौरीकुंड में, जहां मार्ग बाधित था वहां पुलिस ने सुरक्षा के बीच यात्रियों को रास्ता पार कराया। मार्ग खोलने का काम भी जारी है और यात्रा भी सुचारु कर दी गई है। रविवार सांय तक पुलिस ने 5 हजार यात्रियों को गौरीकुंड से केदारनाथ रवाना किया। गौरीकुंड में बोल्डर मलबा आने से बंद हुए केदारनाथ पैदल मार्ग को खोलने के प्रयास लगातार जारी है। मार्ग में आए बड़े-बड़े बोल्डर को तोड़ने का काम किया जा रहा है। जबकि विभिन्न पड़ावों पर रुके यात्रियों को रविवार सुबह पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच केदारनाथ के लिए रवाना किया। गौरीकुंड में पुलिस के जवान मौजूद रहकर यात्रियों को हाथ पकड़कर रास्ता पार कराते रहे। हालांकि इस बीच मौसम भी बेहतर था। इसलिए देर सांय तक पुलिस ने करीब 5 हजार यात्रियों को गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए रवाना किया। जबकि केदारनाथ से नीचे आने वाले यात्रियों को भी सुरक्षित रास्ता पार कराया। बीते दिन मार्ग बंद होने के कारण सीतापुर, सोनप्रयाग, गौरीकुंड आदि स्थानों पर करीब 4 हजार से अधिक यात्री ठहरे हुए थे। जबकि 1 हजार यात्री रविवार को सोनप्रयाग पहुंचे, जिन्हें गौरीकुंड भेजा गया और सभी मिलाकर 5 हजार यात्री केदारनाथ के लिए रवाना हुए। गौरीकुंड चौकी प्रभारी सूरज कंडारी ने बताया कि मौसम ठीक था, इसलिए मार्ग को खोलने का काम भी जारी है और यात्रियों को भी केदारनाथ भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा सुरक्षा के बीच सांय तक 5 हजार यात्री केदारनाथ भेजे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *