भटवाड़ी सैंण के पास दिनभर बंद रहा केदारनाथ हाईवे

Spread the love

 

रुद्रप्रयाग। बीते तीन दिनों से चल रही भारी बारिश के चलते केदारनाथ हाईवे भटवाड़ी सैंण सहित कई अन्य जगहों पर बंद रहा। एनएच द्वारा हाईवे खोलने का काम जारी रहा, किंतु दिनभर मलबा प्रभावित हाईवे पर आवाजाही नहीं हो सकी। हालांकि बदरीनाथ हाईवे सिरोबगड़ के पास दोपहर बाद खुल गया। इस दौरान यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लगातार हो रही बारिश कहर बनकर टूट रही है। गुरुवार को जनपद में केदारनाथ हाईवे भटवाड़ सैंण के साथ ही मुनकटिया में बंद रहा। जबकि तरसाली और अन्य जगहों पर भी मलबा आता रहा। भटवाड़ी सैंण में अत्यधिक स्थिति खराब रही। यहां वाहन दिनभर आवाजाही नहीं कर सके। जबकि सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच मुनकटिया में भी मार्ग बंद रहा। यहां भी दिनभर आवाजाही नहीं हो सकी। गौरीकुंड में भी मलबा आने से मार्ग प्रभावित रहा। पुलिस अधीक्षक ड विशाखा अशोक भदाणे ने हाईवे बंद होने की स्थिति में पुलिस को यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की अपील करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं विभिन्न स्थानों पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। पहाड़ियों से पत्थर गिरने के भय को देखते हुए कोतवाली निरीक्षक जयपाल नेगी ने जवाड़ी बाईपास पर करीब 5 सौ से अधिक कावड़ यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जबकि सिरोबगड़ में मार्ग खुलने की स्थिति में ही उन्हें वापस भेजा गया। देर सांय भटवाड़ी सैंण में मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। हालांकि प्रशासन और पुलिस के आग्रह के बाद मौसम को देखते हुए अधिकांश वाहनों ने आवाजाही प्रतिबंधित रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *