ओवरलोडिंग एवं तेज रफ्तार पर विशेष निगरानी रखें

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को एनआईसी कक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में आम जनमानस को जागरूक करें ताकि कोई भी सड़क दुर्घटना ना हो। उन्होंने सहायक परिवहन अधिकारी एवं पुलिस विभाग को सख्त हिदायत दी है कि ओवरलोडिंग एवं तेज रफ्तार के कारण कोई दुर्घटना न हो इस पर कड़ी निगरानी रखे तथा वाहनों के फिटनेस का भी नियमित रूप से परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर आपसी समन्वय के साथ नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी ने सड़क से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीन जो भी सड़कें हैं एवं उन सड़कों में अभी तक मलबा पड़ा है उसे हर हाल में हटाना सुनिश्चित करें तथा जिन स्लाइडिंग जोनों में मलबा पड़ा है एवं क्षतिग्रस्त दीवारों का कार्य शुरू नहीं किया गया है उन स्थानों पर तत्काल कार्य शुरू करें। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के अंतर्गत जो भी दुर्घटना संभावित/ब्लेंक स्पॉट हैं उन्हें भी चिन्हित कर उस स्थान पर क्या सुधारीकरण कार्य किया जा सकता है, इस संबंध में आख्या उपलब्ध कराएं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी निर्देश दिए कि किसी प्रकार की सड़क दुर्घटना होने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी सीएचसी पीएचसी चिकित्सालयों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं उपकरण उपलब्ध रहे। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *