खाई में गिरा पिकअप वाहन, चालक की मौत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
धुमाकोट/कोटद्वार। नैनीडांडा ब्लॉक के अंतर्गत नैनीडांडा-हल्दूखाल मोटर मार्ग पर बुधवार रात महेंद्रा पिकअप वाहन खाई में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। परिचालक को नैनीडांडा के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं दुगड्डा ब्लाक के अंतर्गत दुगड्डा-डाडामंडी मोटर मार्ग पर जोगियाना के समीप मारूति कार के खाई में गिरने से कार स्वामी घायल हो गया।
घटना रात्रि लगभग आठ बजे की है। नैनीडांडा से हल्दूखाल की ओर जा रही महिद्रा पिकअप मुजरा बैंड के पास करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से दुर्घटना के घायलों को खाई से बाहर निकाला। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में नैनीडांडा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सिमली निवासी चालक 34 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र आनंद सिंह की मौके पर मौत हो गई। साथ ही नेपाली मूल के परिचालक चंद्र बहादुर पुत्र टेक बहादुर को गंभीर चोटें आई हैं। चंद्र बहादुर को नैनीडांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद कोटद्वार रेफर कर दिया गया। वहीं दुगड्डा ब्लाक के अंतर्गत दुगड्डा-डाडामंडी मोटर मार्ग पर जोगियाना के समीप मारूति कार के खाई में गिरने से कार स्वामी घायल हो गया। दुगड्डा चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि बीती रात जोगियाना के समीप कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच घायल को बाहर निकाला व बेस चिकित्सालय में लाकर भर्ती किया। दुर्घटना में धनीराम बाजार निवासी जयवीर चौधरी पुत्र स्व. बृजपाल चौधरी को चोटें आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *