पिथौरागढ़(। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्षा रिछारिया खलिया टॉप से लौटते समय रास्ता भटकने से जंगल में फंस गई। गुरुवार रात करीब डेढ़ घंटे हर्षा अपने कुछ साथियों के साथ जंगल में इधर-उधर भटकती रही। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस रेस्क्यू कर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर समेत अन्य लोगों को सुरक्षित मुनस्यारी लेकर आई। बीते रोज सुबह नौ बजे के करीब हर्षा रिछारिया अपने साथियों के साथ खलिया टॉप को निकली। शाम को वह जीरो प्वाइंट से मुनस्यारी के लिए रवाना हुए। पांच के करीब बेस कैंप से मुनस्यारी आते समय वह रास्ता भटक गए और शहर की तरफ न आकर जंगल की तरफ चले गए। अंधेरा होने और रास्ता भटकने का एहसास होने पर उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई। मुनस्यारी की तरफ आ रहे लखनऊ के पांच पर्यटकों ने उनकी आवाज सुनी और खलिया द्वार पहुंचकर स्थानीय लोगों को बताया। हिम वीर टूर एंड ट्रैवल्स के सोनू निखुर्पा ने बताया कि जानकारी के बाद उन्होंने खलिया द्वार में काम करने वाले दो कर्मचारियों को मदद के लिए भेजा। बाद में सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित खलिया द्वार लाया गया। मदद के लिए पुलिस का आभार जताया है। टीम में कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल बलवंत सिंह, कांस्टेबल प्रेम बंग्याल शामिल रहे। कौन है हर्षा रिछारिया मुनस्यारी। हर्षा रिछारिया एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, पूर्व मॉडल और एंकर रह चुकी हैं. वे लंबे समय तक ग्लैमर और मीडिया की दुनिया से जुड़ी रहीं, लेकिन बाद में उन्होंने इस दुनिया से दूरी बनाते हुए आध्यात्मिक मार्ग की ओर रुख किया। बताया जा रहा है कि वह मुनस्यारी विवाह में शामिल होने आई थी। सोशल मीडिया में भी उन्होंने विवाह के वीडियो साझा की हैं।