लच्छीवाला पुल के नीचे मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति

Spread the love

ऋषिकेश। लच्छीवाला पुल के नीचे बने उपमार्ग की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। मरम्मत के नाम पर लोक निर्माण विभाग द्वारा केवल एक गड्ढे में मिट्टी भरकर काम समाप्त कर दिया गया, जबकि शेष मार्ग आज भी गड्ढों से भरा हुआ है। इससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह उपमार्ग डोईवाला और देहरादून को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। बावजूद इसके कई वर्षों से इस मार्ग की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने कहा कि बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से मार्ग और भी खतरनाक हो जाता है। दोपहिया वाहन सवार अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं, वहीं स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी जोखिम उठाकर सफर करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग हर बार अस्थायी समाधान कर अपनी जिम्मेदारी से बचता रहा है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम सिंह पम्मी राज ने कहा कि केवल मिट्टी डालकर गड्ढा भरना किसी भी तरह से स्थायी समाधान नहीं है। कुछ ही दिनों में मिट्टी बैठ जाती है और वही गड्ढा फिर उभर आता है। स्थानीय निवासियों ने पूरे उपमार्ग की पक्की सड़क और उचित जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *