खस्ताहाल ई-टिकटिग मशीन बढ़ा रही रोड़वेज परिचालकों की दुश्वारियां

Spread the love

अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवहन निगम की व्यवस्थाएं लाख कोशिशों के बाद भी सुधरने का नाम नहीं ले रही। यहां चालकों की कमी तो लंबे अरसे से बनी ही है, अब खस्ताहाल ई-टिकटिग मशीन परिचालकों की दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। अल्मोड़ा डिपो में 34 मशीन हैं, जिसमें से छह खस्ताहाल हैं। जो टिकट बनाते समय परिचालकों को कभी दगा दे जाती है। ऐसी दशा में परिचालकों को फिर पुरानी पद्धति से ही टिकट बनाने को विवश होना पड़ता है।
अल्मोड़ा रोडवेज डिपो में 47 वाहनों का बेड़ा है। 23 सेवाएं यहां से संचालित की जाती हैं। महज 34 मशीन ही उपलब्ध हैं। इसमें से छह मशीन तो काफी समय से खस्ताहाल हैं। जो मैदानी व पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रियों का टिकट बनाते समय कभी भी दगा दे जाती है। इससे चालकों को डॉट पेन से यात्रियों के टिकट बनाने को विवश होना पड़ता है। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, रोडवेज इम्प्लाइज, एससी-एसटी कर्मचारी संघ, उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ व रोडवेज कर्मचारी यूनियन इस समस्या को लंबे समय से उठा रहे हैं। इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। इसका सीधा असर परिचालकों पर पड़ रहा है। इन संगठनों ने खस्ताहाल हो चुकी मशीनों को दुरुस्त कर कुछ और मशीन मंगाने की मांग निगम प्रबंधन से की है। संगठनों का कहना है कि डिपो को कम से कम 46 ई-टिकटिग मशीन उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
खस्ताहाल हो चुकी मशीनों के बावत निगम मुख्यालय को जानकारी दे दी गई है। इनको दुरुस्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे है। कुछ और ई-टिकटिग मशीन के लिए डिमांड जल्द ही निगम मुख्यालय को भेजी जाएगी। -विजय तिवारी, सहायक महाप्रबंधक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *