खाते से ऑनलाइन लाखों रुपये उड़ाने में दो युवक गिरफ्तार

Spread the love

उत्तरकाशी। चिन्यालीसौड़ के युवक के बैंक खाते से ऑनलाइन लाखों रुपये उड़ाने में पुलिस ने दो युवकों को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस एक माह से दोनों युवकों को तलाश कर रही थी। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। चिन्यालीसौड़ बनाड़ी निवासी मुकेश सेमवाल ने कोतवाली में तहरीर दी थी। जिसमें बताया था कि 26 जुलाई को खाते से 2.91 लाख ऑनलाइन उड़ा लिए हैं। पैसे उड़ाने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताया था। मुकदमा दर्ज कर कोतवाली प्रभारी महादेव उनियाल ने उप निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की। पुलिस ने फोन और खाता नंबर की डिटेल के आधार पर तथ्य जुटाए और पड़ताल शुरू की। कोतवाली प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि मुकेश सेमवाल के खाते से पैसे एक पेटीएम अकाउंट स्थानांतरित होनी पाई गई। पेटीएम अकाउंट की केवाइसी फर्जी पाई गई। पेटीएम से अन्य बैंक अकाउंट में धनराशि स्थानांतरित हुई । जिसके बाद खाताधारकों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। खाताधारकों की गिरफ्तारी के लिए करीब एक माह से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, मेनपुरी, बुलंदशहर व गुरुग्राम में संभावित जगहों पर पुलिस दबिश दे रही थी। बीते रविवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सहायता से दो आरोपितों को दौलतपुर, गाजियाबाद (उप्र ) से गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान गोविंद झा और सुमित सिंह रावत निवासी छपरौला, थाना विसरक , ग्रेटर नोएडा (उप्र) के रूप में हुई। आरोपितों से एक स्कॉर्पियो वाहन, 1.25 लाख रुपये, लेपटॉप, 15 मोबाइल, 13 सिम बरामद हुए। पुलिस टीम में उप निरीक्षक अशोक कुमार, एसओजी प्रभारी औसाफ खान एसओजी सुनील राणा, माजिद खान शामिल थे ।
अपराध का तरीका :पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित अपने वाहन से विभिन्न स्थानों से भिन्न-भिन्न मोबाइल नंबरों से आमजनों को कॉल कर बैंक खाते की डिटेल प्राप्त करते थे । पैसे अपने पेटीएम अकाउंट में ट्रांसफर करते थे। स्कोर्पियो वाहन भी धोखाधड़ी के पैसे से खरीदा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *