खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग लीग के पदक विजेताओं का सम्मान

Spread the love

ऋषिकेश। अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा की ओर से रविवार को चेन्नई में हुई अस्मिता खेलो इंडिया किक बॉक्सिंग लीग के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। देहरादून रोड स्थित अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रेनबुकई कराटे एकेडमी गीता नगर एवं रायवाला की छात्राएं दीया बिष्ट, काजल चौधरी, सलोनी, आरोही को महासभा अध्यक्ष डॉ. राजे सिंह नेगी, उपाध्यक्ष वीरेंद्र नौटियाल, रेनबुकई एकेडमी के संस्थापक कमल सिंह बिष्ट ने सम्मानित किया। डॉ. राजे सिंह नेगी ने बताया कि चेन्नई में 25 से 28 मार्च 2026 तक स्पोर्ट्स ऑथारिटी ऑफ इंडिया की ओर से चार दिवसीय अस्मिता खेलो इंडिया किक बॉक्सिंग लीग का आयोजन किया गया था, जिसमें ऋषिकेश की रेनबुकई कराटे एकेडमी की छात्राएं दीया बिष्ट, काजल चौधरी एवं सलोनी ने कांस्य पदक जीतकर एवं आरोही ने प्रतिभाग कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। रेनबुकई एकेडमी के संस्थापक अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं कोच कमल सिंह बिष्ट ने कहा कि आज के समय में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस सबसे बड़ा हथियार है। किक बॉक्सिंग न केवल शारीरिक कौशल है, बल्कि यह आत्मविश्वास जगाकर स्वयं की रक्षा करने की शक्ति देता है। इस नेशनल प्रतियोगिता में पूरे देश से लगभग 500 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं में खेल और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। मौके पर सुधीर चौधरी, अभिषेक गुप्ता, करण कुमार, मनोज नेगी, अलका बिष्ठ, दीपा गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *