कीर्तिनगर व खिर्सू के चार क्षेत्रों में वायु सेना से बुझाई जंगल की आग

Spread the love

-अब तक जंगल की आग से गढ़वाल मंडल में 740 हैैक्टेयर वन भूमि हुई हैं प्रभावित
-20 लाख से अधिक वन संपदा हुई खाक
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
वायु सेना के एमआई-17 ने खिर्सू व कीर्तिनगर क्षेत्र के चार स्थानों पर जंगल की आग को बुझाया। इन स्थानों पर चॉपर से करीब 10 हजार लीटर पानी का छिड़काव किया गया। गढ़वाल मंडल में अब तक लगभग 740 वन भूमि जंगल की आग से प्रभावित हुई है। जिसमें करीब 20 लाख की वन संपदा खाक हुई है।
मंगलवार को वायु सेना के एमआई-17 ने खिर्सू विकासखंड की नागदेव रेंज व टिहरी जनपद के कीर्तिगर विकासखंड के माणिकनाथ रेंज के दो-दो स्थानों पर आग बुझाई। मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल व चॉपर से आग बुझाए जाने संबंधी अभियान के स्टेट नोडल अधिकारी सुशांत कुमार ने बताया कि गढ़वाल वन प्रभाग, नरेंद्र नगर वन प्रभाग, टिहरी वन प्रभाग व बदरीनाथ वन प्रभाग में जंगलों की आग की छुटपुट घटनाएं सक्रिय हैं। बड़ी घटनाओं की वर्तमान में कोई सूचना नहीं है। सुशांत ने बताया कि गढ़वाल मंडल में 20 वन प्रभाग हैं। जिनमें पिछले अक्टूबर से अब तक करीब 740 हैक्टेयर वन भूमि आग से प्रभावित हुई है। आरक्षित वन क्षेत्रों में आग अन्य वन क्षेत्रों की तुलना कम है। सुशांत ने बताया कि गढ़वाल मंडल में मंगलवार को आग बुझाने का अभियान सफल रहा। कुमाऊं मंडल में विजबिलिटी कम होने के कारण चॉपर उड़ान नहीं भर पाया। जिससे वहां अभियान संचालित नहीं हो पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *